बीमार रेलकर्मियों का हौसला बढ़ाएगा रेलवे एम्प्लोयी वेलफेयर एसोसिएशन,हर माह के पहले गुरुवार को रेलवे अस्पताल पहुंचेंगे एसोसिएशन के सदस्य, मरीजों से करेंगे मुलाकात और देंगे फल व पौष्टिक आहार : मनोज मिश्रा

जमशेदपुर। रेलवे एम्प्लोयी वेलफेयर एसोसिएशन ने रेलकर्मियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण की दिशा में एक नई मानवीय पहल की घोषणा की है। एसोसिएशन के सदस्य अब हर माह के पहले गुरुवार को रेलवे अस्पताल में भर्ती बीमार रेलकर्मियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाएंगे तथा उन्हें फल एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराएंगे।
इस पहल की घोषणा एसोसिएशन के चेयरमैन मनोज मिश्रा ने आज कैरिज कॉलोनी में एसोसिएशन द्वारा आयोजित साप्ताहिक स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में की।
मनोज मिश्रा ने कहा कि बीमारी के दौरान दवा और इलाज के साथ मरीजों को अपनापन, मनोबल और आपसी सामाजिक सहयोग मिलना भी बेहद जरूरी है। अपने सहकर्मियों को अस्पताल में अपने बीच देखकर बीमार रेलकर्मियों को भावनात्मक संबल मिलेगा और उन्हें यह एहसास होगा कि इस मुश्किल समय में वे अकेले नहीं हैं, बल्कि उनका पूरा रेल परिवार उनके साथ खड़ा है।

उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से एसोसिएशन ने अस्पताल में भर्ती अपने बीमार साथियों के साथ नियमित रूप से खड़े रहने का निर्णय लिया है। एसोसिएशन के सदस्य हर माह के पहले गुरुवार को सुबह 9 बजे से 11 बजे तक रेलवे अस्पताल, खासमहल, टाटानगर में भर्ती अपने बीमार साथियों से मुलाकात करेंगे, उनका हालचाल जानेंगे, उनका हौसला बढ़ाएंगे तथा फल एवं पौष्टिक आहार प्रदान करेंगे।
कैरिज कॉलोनी में साप्ताहिक आयोजित स्वास्थ्य जांच सह जागरूकता शिविर में रेलकर्मियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भी हिस्सा लिया और निःशुल्क स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया। शिविर के दौरान लोगों की ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर एवं वजन की निःशुल्क जांच की गई तथा उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
आयोजनकर्ताओं ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, खान-पान पर विशेष ध्यान देने, प्रतिदिन 35 मिनट तक पैदल टहलने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया।
आज के कार्यक्रम में एसोसिएशन के चेयरमैन मनोज मिश्रा, महासचिव एस. पी. विश्वास, कोषाध्यक्ष नागेंद्र प्रसाद सहित राकेश रंजन, पाथाल, संदीप सिंह, बी. भौमिक, पिंटू गोप, आशीष राय, न्यूटन सोय, जीतेन्द्र, चंपाई सहित बड़ी संख्या में रेलकर्मी एवं एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित थे।
