
प्रतिनिधि, नोवामुंडी।नृत्य, गीत, स्किट और तालियों की गूंज के बीच सेंट मैरी स्कूल, नोवामुंडी में प्रिंसिपल सिस्टर करुणा का फीस्ट डे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यार्थियों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे समारोह में उत्साह और उमंग का रंग भर दिया। कार्यक्रम में बच्चों के साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं का उत्साह भी देखते ही बना।समारोह की शुरुआत विशेष प्रार्थना सभा से हुई। इसमें सिस्टर करुणा के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इसके बाद विद्यार्थियों ने अपनी भावपूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रिंसिपल के प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त किया।केजी के नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक नृत्य प्रस्तुति ने खूब तालियां बटोरीं।


वहीं विद्यार्थियों ने जीवन-मूल्यों पर आधारित स्किट, प्रभावशाली भाषण और मधुर गीत प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। एक के बाद एक प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।सिस्टर करुणा ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके स्नेह, मेहनत और उत्साह के लिए आभार जताया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों को धन्यवाद दिया।
समारोह के समापन पर विद्यार्थियों के बीच चॉकलेट का वितरण किया गया। खुशी और उल्लास के माहौल में आयोजित यह समारोह तालियों की गूंज के साथ संपन्न हुआ। मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

