
प्रतिनिधि, नोवामुंडी।नोवामुंडी जल्द ही 10 हजार विद्यार्थियों की सामूहिक आवाज में ‘वंदे मातरम्’ की गूंज का साक्षी बनेगा। राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विद्या भारती शिक्षा संस्थान की ओर से चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान ‘नमामि भारतम्–वंदे मातरम्’ को लेकर क्षेत्र में तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं।अभियान के तहत पद्मावती जैन सरस्वती शिशु मंदिर समेत नोवामुंडी क्षेत्र के 11 विद्यालयों के करीब 10 हजार भैया-बहनों को सामूहिक गायन का अभ्यास कराया जा रहा है। विद्यालयों में विद्यार्थी पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ ‘वंदे मातरम्’ के सुर में सुर मिलाने की तैयारी कर रहे हैं।सामूहिक गायन को व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक विद्यालय से एक-एक आचार्य को जिम्मेदारी दी गई है। आचार्यों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को स्वर, ताल, उच्चारण और सामूहिक प्रस्तुति का विशेष अभ्यास कराया जा रहा है।

अभ्यास के दौरान विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा है।राष्ट्रभावना को मजबूत करना उद्देश्यआयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के प्रति सम्मान के साथ राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय चेतना की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाने के लिए विद्यालय स्तर पर लगातार तैयारियां की जा रही हैं।11 विद्यालयों के हजारों विद्यार्थियों की सामूहिक प्रस्तुति को लेकर क्षेत्र में उत्सुकता का माहौल है। तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच रही हैं। आयोजन के दिन जब हजारों विद्यार्थी एक साथ ‘वंदे मातरम्’ का स्वर बुलंद करेंगे, तो नोवामुंडी में सामूहिक गायन का यह दृश्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
