
सरायकेला। गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत बुरुडीह पंचायत के रायमाड़ा गांव में एनएससी रायमाड़ा की ओर से एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और मैदान पर शानदार खेल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन का स्थानीय ग्रामीणों और खेलप्रेमियों ने खूब आनंद उठाया तथा उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कृष्णा बास्के ने खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर कृष्णा बास्के ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर देती हैं। खेल से युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास कर खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने गांव व क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। मौके पर राजेश भगत, इन्द्रो मुर्मू, रविन्द्र हांसदा, राकेश महतो, विक्रम सिंह सरदार एवं दुर्गा सिंह सरदार समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की।
