
प्रतिनिधि, नोवामुंडी लक्ष्मी पूजा के अवसर पर नोवामुंडी के लखनसाई में मंगलवार रात आयोजित भक्ति जागरण में भजनों की मधुर स्वर लहरियों और मनमोहक झांकियों का अनूठा संगम देखने को मिला.जमशेदपुर से आई झा एंड ग्रुप की भजन संध्या टीम ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया.वहीं, राजकुमार उर्फ लल्लू की झांकी टीम ने धार्मिक प्रसंगों का सजीव मंचन कर दर्शकों का दिल जीत लिया। सैकड़ों श्रद्धालु देर रात तक कार्यक्रम का आनंद लेते रहे.पुष्पा झा के छठ गीत और संतोष झा के भजनों ने बांधा समांगायिका पुष्पा झा ने अपनी मधुर आवाज में छठ गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।

उन्होंने उड़िया और भोजपुरी गीतों की प्रस्तुति से भी खूब वाहवाही बटोरी.वहीं, गायक संतोष झा के लोकप्रिय भक्ति गीत ‘काली माई बाड़ी हमरा गांव’ ने माहौल में भक्ति का रंग भर दिया। उनकी अन्य प्रस्तुतियों को भी श्रोताओं ने सराहा.भजन संध्या में वादक कलाकार राधेश्याम झा, सूरज शर्मा और जितेश मुखी ने भी अपनी वादन कला से समां बांधा। उनके मधुर संगीत और शानदार तालमेल ने गायकों की प्रस्तुतियों में चार चांद लगा दिए.गायकी और वादन की जुगलबंदी ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में शानदार प्रस्तुति के लिए लोगों ने झा एंड ग्रुप की पूरी टीम का अभिनंदन किया.

राम-सीता से रसखान-कृष्ण तक की झांकियों ने मोहा मनराजकुमार उर्फ लल्लू की टीम ने भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण, भगवान भोलेनाथ तथा वीर बजरंगबली की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं.इनमें भगवान श्रीकृष्ण के प्रति रसखान के अटूट प्रेम पर आधारित झांकी विशेष आकर्षण रही। बाल रूप में सजे कृष्ण कन्हैया की मनमोहक प्रस्तुति ने भी दर्शकों का दिल जीत लिया। इन झांकियों के माध्यम से कलाकारों ने भक्ति, प्रेम और समर्पण का संदेश दिया।पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में शांतिपूर्ण समापनभक्ति जागरण रात एक बजे तक चला।

महिलाओं सहित सैकड़ों श्रद्धालु कार्यक्रम में मौजूद रहे। इस दौरान नोवामुंडी पुलिस प्रशासन की टीम भी मौके पर उपस्थित रही। पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में पूजा समिति के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।समिति के सदस्यों ने बताया कि बुधवार शाम श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी भोग का वितरण किया जाएगा। इसके बाद विधि-विधान के साथ माता लक्ष्मी की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।
