
संवाददाता संचार भारत न्यूज़, नोवामुंडी।
नोवामुंडी प्रखंड के तोड़ेतोपा स्थित बीरा तालाब के समीप सरकारी जंगल में एक युवक का सड़ा-गला शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मंगलवार को ग्रामीणों ने जंगल में पिटास के पेड़ पर गमछे के सहारे लटका शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। शव की स्थिति से उसमें काफी दुर्गंध आ रही थी। मृतक की पहचान अशोक सामंत (25 वर्ष), के रूप मे हुई है
गुरुवार से लापता था युवक, पुलिस को दी गई थी सूचना
परिजनों के अनुसार, अशोक बीते गुरुवार को घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। उसकी काफी खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने नोवामुंडी थाने को उसकी गुमशुदगी की सूचना दी थी। मंगलवार को जंगल में उसका शव मिलने की खबर से परिवार में मातम छा गया।

आपसी विवाद के बाद घर से निकलने की बात
मृतक की पत्नी किरण बोबोंगा ने बताया कि गुरुवार को आपसी विवाद के बाद उनके पति गुस्से में आ गए थे। उन्होंने अपना मोबाइल पटक दिया और गमछा लेकर घर से निकल गए। इसके बाद परिजनों ने उन्हें काफी तलाश किया, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। अब जंगल में शव मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
गर्भवती पत्नी और दो साल की बेटी के सामने जीवन का संकट
अशोक की मौत से उसकी पत्नी किरण बोबोंगा और दो वर्षीय बेटी प्रियांशी सामंत के सिर से परिवार का सहारा छिन गया है। पत्नी चार महीने की गर्भवती भी है। पति की मौत की खबर मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सामने अब आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों को लेकर भी चिंता खड़ी हो गई है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर नोवामुंडी थाने के सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) तारकनाथ सिंह और विनोद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। खबर लिखे जाने तक पुलिस शव को पेड़ से उतारने की तैयारी कर रही थी।
फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
