
आदित्यपुर के एक निजी नर्सिंग होम के डायग्नोस्टिक सेंटर आरोग्यम पैथोलॉजी में मरीज को गलत जांच रिपोर्ट देने से आक्रोशित शनिदेव भक्त मंडली के सदस्यों ने जमकर बबाल काटा। मामला आदित्यपुर निवासी कमल प्रामाणिक की पत्नी रूपा प्रामाणिक से जुड़ा हुआ है। पेशाब में परेशानी की शिकायत पर रुपा प्रामाणिक को 7 अप्रैल को नर्सिंग होम के डाक्टर से इलाज करवाया गया। डाक्टर ने क्रिएटिन समेत अन्य जांच कराई। जांच रिपोर्ट में नार्मल से अधिक 4.69 मिलीग्राम क्रिएटिन यानी किडनी फेलियर के करीब पाया गया। रिपोर्ट के आधार पर डाक्टर ने दवाई शुरू कर दिया। इससे मरीज की मानसिक व शारीरिक स्थिति दयनीय हो गई। इसे गंभीरता से ले शनिदेव भक्त मंडली के सदस्यों ने शहर के अन्य दो अलग अलग पैथोलॉजी लेब में जांच कराई जहां रिपोर्ट नार्मल पाया गया। इसे लेकर जब मंडली सदस्य नर्सिंग होम प्रबंधन से शिकायत की तो प्रबंधन ने सारा दोष लैब टेक्नीशियन के मत्थे मढ दिया। इससे गुस्साए मंडली सदस्यों ने जमकर बबाल काटा। मंडली ने इसे मेडिकल फोरम में शिकायत करने की बात कही। मंडली ने लोगों से जागरूक होने की अपील की। नर्सिंग होम प्रबंधन से शिकायत करने वालों में मंडली संरक्षक देवब्रत घोष, कमल प्रामाणिक,आशीष बनर्जी, विश्वजीत नंदी, महेश्वर नंदी, गौरंगो धर,अतुल मुखर्जी, बिट्टू नायक आदि शामिल थे।
