
कांड्रा: झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता वीर शहीद निर्मल महतो की 39वीं पुण्यतिथि (शहादत दिवस) के अवसर पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के सुप्रीमो सह डुमरी विधायक ‘टाइगर’ जयराम महतो का कोल्हान की क्रांतिकारी धरती पर आगमन हुआ।

कांड्रा पहुंचने पर JLKM के जिला उपाध्यक्ष राहुल देव महतो के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय युवाओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

कार्यक्रम में गौतम महतो, भोलू महतो समाजसेवी विजय महतो, आस्तिक और सरोज महतो की भी मुख्य भूमिका रही। विधायक के आगमन पर कार्यकर्ताओं ने गाजे-बाजे और गगनभेदी नारों के साथ उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया। स्वागत समारोह के उपरांत कांड्रा से हजारों की संख्या में युवाओं ने एक विशाल बाइक रैली निकाली।

‘टाइगर’ जयराम महतो और राहुल देव महतो की अगुवाई में यह रैली वीर शहीद निर्मल महतो को श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए जमशेदपुर के कदमा स्थित उलियान समाधि स्थल की ओर रवाना हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी के केंद्रीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय युवा उपस्थित रहे।
