
जमशेदपुर पुलिस को वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने एक संगठित वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 21 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में गिरोह से जुड़े आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
सीनियर एसपीने बताया कि 21 सितंबर की रात करीब 11 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित पीएम मॉल के पास दो युवक चोरी की स्कूटी के साथ घूम रहे हैं और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक (नगर) की निगरानी तथा डीएसपी सीसीआर के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीएम मॉल के समीप स्कूटी सवार दो संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने स्कूटी चोरी की होने की बात स्वीकार की। इसके बाद उनकी निशानदेही पर बागबेड़ा, पोटका और कोवाली थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी की गई। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों से कुल 21 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए और वाहन चोरी के नेटवर्क से जुड़े आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के सदस्य बिष्टुपुर क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले इलाकों, जिनमें जुबली पार्क, नेचर पार्क, पीएम मॉल, नॉर्थ पार्किंग एरिया समेत अन्य स्थान शामिल हैं, से बाइक और स्कूटी चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों की पहचान छिपाने के लिए उनकी नंबर प्लेट और रजिस्ट्रेशन नंबर बदल दिए जाते थे। इसके बाद इन्हें जिले के ग्रामीण इलाकों और पड़ोसी राज्य ओडिशा के विभिन्न गांवों में बेच दिया जाता था।

पुलिस का कहना है कि बरामद वाहनों के इंजन और चेसिस नंबरों का सत्यापन कराया जा रहा है। साथ ही चोरी के वाहनों की खरीद-बिक्री में शामिल अन्य लोगों और गिरोह के व्यापक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई से जिले के कई लंबित वाहन चोरी कांडों का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में महेश कुमार उर्फ गोलू, मुनीराम मुर्मू, कारू मार्डी, विक्रांत साहनी, विक्रम साहनी, अशोक पात्रो, पेलाराम सरदार और काशीनाथ सरदार शामिल हैं। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।
