
संवाददाता संचार भारत न्यूज़ नोवामुंडी।
नोवामुंडी के विकास और सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए टाटा स्टील एडमिनिस्ट्रेशन, ओएमक्यू डिवीजन की ओर से मंगलवार को नोवामुंडी बाजार परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। नोवामुंडी बाजार समिति के सहयोग से आयोजित इस अभियान में टाटा स्टील के अधिकारियों और कर्मियों ने खुद आगे बढ़कर स्वैच्छिक श्रमदान किया और बाजार परिसर की साफ-सफाई में सक्रिय भागीदारी निभाई।

टाटा स्टील की इस पहल ने यह संदेश दिया कि कंपनी की सामाजिक जिम्मेदारी केवल औद्योगिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय समुदाय के साथ मिलकर स्वच्छ और बेहतर वातावरण तैयार करना भी उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है। कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सफाई कार्य में प्रत्यक्ष रूप से हिस्सा लेकर सामुदायिक भागीदारी और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की।

शाम चार बजे शुरू हुए अभियान में टाटा स्टील के अधिकारियों व कर्मियों के साथ बाजार समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों, आशियाना हेल्पिंग हैंड्स के सदस्यों, मजदूरों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस दौरान बाजार परिसर की व्यापक साफ-सफाई की गई। साथ ही दुकानदारों को दुकानों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने, कचरे को डस्टबिन में डालने और बाजार परिसर में गंदगी नहीं फैलाने के लिए जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान दुकानदारों को डस्टबिन के नियमित इस्तेमाल के लिए प्रेरित किया गया। सफाई के बाद बाजार परिसर में ब्लीचिंग का छिड़काव भी किया गया, ताकि सार्वजनिक स्थल को स्वच्छ रखने के साथ साफ-सफाई का बेहतर वातावरण कायम किया जा सके।

कर्मचारियों को साल में आठ घंटे सामाजिक योगदान का लक्ष्य
मौके पर टाटा स्टील एडमिनिस्ट्रेशन हेड निशिकांत सिंह ने कहा कि टाटा स्टील का वॉलंटियरिंग वीक 2026 चल रहा है। कंपनी की नीति के तहत प्रत्येक कर्मचारी को साल में कम से कम आठ घंटे अपने श्रम के माध्यम से समाज के लिए योगदान देना है। इसी सामाजिक जिम्मेदारी के तहत नोवामुंडी बाजार समिति के सहयोग से स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया।
उन्होंने कहा कि टाटा स्टील के कर्मियों ने स्वेच्छा से श्रमदान कर अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने दुकानदारों और आम लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई रखने तथा कचरे के लिए डस्टबिन का इस्तेमाल करने की अपील की।
निशिकांत सिंह ने लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने और इसके स्थान पर कपड़े के थैले का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।

बाजार समिति ने टाटा स्टील के प्रयास को सराहा
नोवामुंडी बाजार समिति के अध्यक्ष पप्पू गुप्ता ने टाटा स्टील की पहल की सराहना करते हुए कहा कि नोवामुंडी बाजार के लिए टाटा स्टील का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कंपनी की ओर से समय-समय पर स्वच्छता अभियान चलाकर बाजार को साफ-सुथरा रखने में सहयोग किया जाता है।
उन्होंने कहा कि टाटा स्टील की ओर से किए जा रहे ऐसे प्रयास स्थानीय लोगों और दुकानदारों को भी स्वच्छता के प्रति प्रेरित करते हैं। उन्होंने सभी दुकानदारों से स्वच्छता अभियान में सहयोग करने, दुकानों के आसपास गंदगी नहीं फैलाने और सफाई कर्मियों के साथ सहयोग करने की अपील की। साथ ही डस्टबिन का नियमित इस्तेमाल करने का आह्वान किया।
बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
स्वच्छता अभियान में टाटा स्टील एडमिनिस्ट्रेशन हेड निशिकांत सिंह, बाजार समिति के अध्यक्ष पप्पू गुप्ता, सचिव अनवर खान, शंकर राय, विशाल सोलंकी, श्रीमंत प्रधान तथा आशियाना हेल्पिंग हैंड्स के सदस्य तन्मय महंती, सुशील मुंडा, घसूवा बारजो और भारतेंदु मुंडा शामिल रहे।
इसके अलावा बाजार समिति के सदस्यों में सचिन करनानी, श्याम अग्रवाल, रमाकांत साहू, बबलू झा, मोहम्मद खाजा, मोहम्मद फिरोज, सुशील अग्रवाल, उपो दत्ता, श्रवण प्रसाद, किशोर प्रसाद और कुंदन प्रसाद समेत बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे।
अभियान में बड़ी संख्या में मजदूरों और ग्रामीणों ने भी हिस्सा लेकर बाजार परिसर की सफाई में सहयोग किया। टाटा स्टील के कर्मियों द्वारा किए गए स्वैच्छिक श्रमदान ने अभियान को और प्रभावी बनाया। सामूहिक प्रयास से बाजार परिसर में स्वच्छता का संदेश पहुंचा और लोगों ने नोवामुंडी बाजार को साफ-सुथरा रखने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
स्थानीय लोगों ने टाटा स्टील के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि बाजार जैसे सार्वजनिक स्थल की स्वच्छता के लिए कंपनी की ओर से किया गया सामूहिक प्रयास सराहनीय है। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान नियमित रूप से आयोजित होते रहेंगे, जिससे नोवामुंडी बाजार स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बना रहे।
