
: सरायकेला खरसावां जिला के चांडिल थाना क्षेत्र के न्यू बायपास, एनएच-18, भालूकोचा स्थित आज सुबह 10 के आसपास यदुवंशी होटल में गुरुवार को सिलेंडर लीक होने से भीषण आग लग गई। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन कारीगर और ग्राहक बाल-बाल बचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, होटल की रसोई में सिलेंडर से गैस लीक होने के कारण अचानक आग भड़क उठी। ब्लास्ट का डर होने से होटल में कुछ ही पलों में भगदड़ मच गई। आग पहले धीरे-धीरे लगी, लेकिन पास में रखे पुआल की झोपड़ी तक पहुंचते ही उसने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते झोपड़ी जलकर राख हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने बाल्टी और पानी से आग बुझाने का प्रयास किया। साथ ही चांडिल अनुमंडल स्तरीय अग्निशमन केंद्र को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
होटल संचालक ने बताया कि समय पर दमकल और ग्रामीणों के सहयोग से बड़ा हादसा टल गया। आग से होटल की झोपड़ी और कुछ सामान जलकर नष्ट हो गया है।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

