
चांडिल स्थित द गोल्डन रिसोर्ट (आईबी परिसर) में बुधवार को चांडिल डैम विस्थापित समन्वय मंच की दूसरी बैठक आयोजित हुई। बैठक में 44 वर्षों से लंबित पुनर्वास, मुआवजा, भूमि अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में तय किया गया कि 7 अगस्त को मंच का प्रतिनिधिमंडल जल संसाधन विभाग के सचिव और मंत्री हफीजुल हसन को मांग-पत्र सौंपेगा। वहीं 25 से 27 अगस्त तक ईचागढ़ से प्रभावित गांवों तक ग्रामीण संवाद सह जागरूकता यात्रा निकाली जाएगी। साथ ही 16 अगस्त को मंच की अगली बैठक आयोजित कर आंदोलन की आगे की रणनीति तय की जाएगी।
बैठक में विभिन्न विस्थापित संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया तथा सामूहिक नेतृत्व के साथ सम्मानजनक पुनर्वास और अधिकार मिलने तक लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
