
सरायकेला-खरसावां | कांड्रा:
कांड्रा बाजार स्थित प्रसिद्ध ‘जय शनि देव पावन धाम नीलकंठ बाबा मंदिर परिसर’ में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भक्ति, श्रद्धा और सनातन परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। समाजसेवी रोशन प्रसाद साव के कुशल नेतृत्व में मंदिर प्रांगण में श्री सत्यनारायण स्वामी की पूजा एवं कथा का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10 बजे पंडित सोबिक मुख़र्जी द्वारा पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कराया गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने एकाग्रचित्त होकर भगवान सत्यनारायण की पावन कथा का श्रवण किया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
“धार्मिक परंपराओं को जीवित रखना और समाज को एक सूत्र में पिरोना ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। नीलकंठ बाबा का आशीर्वाद क्षेत्र के हर नागरिक पर बना रहे, यही हमारी कामना है।”
— रोशन प्रसाद साव (समाजसेवी)
उल्लेखनीय है कि समाजसेवी रोशन प्रसाद साव द्वारा यह केवल एक दिन का आयोजन नहीं है, बल्कि वे प्रत्येक पूर्णिमा को मंदिर प्रांगण में सत्यनारायण कथा का भव्य आयोजन नियमित रूप से कराते आ रहे हैं। उनकी इस धार्मिक निष्ठा और निरंतर सामाजिक-धार्मिक पहल की पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।गुरु पूर्णिमा के इस विशेष अवसर पर पूरे क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूजा-अर्चना के उपरांत सभी के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
इस पावन अवसर पर मुख्य रूप से बेबी साव, इंदु देवी, शर्मीला साव, रीता देवी, प्रीतम देवी, इंदु मण्डल, नीतू देवी, मीणा देवी, रूपा देवी, बिमला देवी, गौरी रजक समेत बड़ी संख्या में महिला व पुरुष भक्तगण उपस्थित रहकर पुण्य के भागी बने।
