
प्रतिनिधि, नोवामुंडीनोवामुंडी प्रखंड क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने मंगलवार की देर रात बड़ा कहर बरपाया। महुदी पंचायत के लखनसाई टोला में रात करीब 2:30 बजे वर्षों पुराना और विशाल बरगद का पेड़ जड़ से उखड़कर किशोर बारजो के खपरैल मकान पर गिर पड़ा। हादसे में गरीब परिवार का आशियाना पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि घर के अंदर सो रहे तीन लोग समय रहते बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।घटना के समय घर में किशोर बारजो की भाभी सुनीता बारजो,

उनकी डेढ़ वर्षीय मासूम बेटी आयुषी तथा 17 वर्षीय जानो बारजो सो रहे थे। अचानक तेज धमाके के साथ पेड़ मकान पर आ गिरा। खपरैल और मलबे के टुकड़े मच्छरदानी पर गिरने लगे। तेज आवाज सुनकर सभी घबराकर तुरंत घर से बाहर निकल आए और अपनी जान बचाई।ग्रामीणों ने बताया कि यदि बरगद की मोटी डाल सीधे कमरे के ऊपर गिरती, तो जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था। वहीं यह भी राहत की बात रही कि पेड़ बिजली के तारों पर नहीं गिरा,

अन्यथा बड़ा हादसा होने की आशंका थी।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना, वन विभाग और प्रखंड प्रशासन को दी गई। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कटर मशीन की सहायता से पेड़ की शाखाओं को काटकर हटाने का कार्य शुरू किया।घटना की सूचना मिलते ही नोवामुंडी के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पप्पू रजक मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त मकान का निरीक्षण किया, पीड़ित परिवार का हालचाल जाना और हरसंभव सरकारी सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी, ताकि पीड़ित परिवार को शीघ्र राहत मिल सके।इस हादसे में बरगद का विशाल पेड़ पूरी तरह जड़ से उखड़ गया, जिससे गरीब परिवार का मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। साथ ही पेड़ गिरने से गांव की पीसीसी सड़क भी क्षतिग्रस्त हो गई।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा, आर्थिक सहायता और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की मांग की है।बारिश की इस त्रासदी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जर्जर और पुराने पेड़ समय रहते नहीं हटाए गए तो वे किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। समय रहते परिवार के बाहर निकल जाने से तीन जिंदगियां बच गईं, लेकिन एक गरीब परिवार का आशियाना उजड़ गया
