
नोआमुंडी, 29 जुलाई। भारत रत्न स्वर्गीय जे.आर.डी. टाटा की जयंती के अवसर पर टाटा स्टील ओएमक्यू, नोआमुंडी की ओर से बड़ाजामदा के समीप स्थित टांकुरा बस्ती में एक निःशुल्क सामुदायिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।इस शिविर में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक कुल 56 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर के दौरान चिकित्सकों ने लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। साथ ही रक्त शर्करा (ब्लड शुगर), हीमोग्लोबिन तथा मलेरिया की जांच की गई और जरूरतमंदों के बीच निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया।स्वास्थ्य जांच के दौरान बुखार, कमर दर्द, स्केबीज़ (खुजली), एनीमिया तथा सर्दी-जुकाम के कुछ मामले सामने आए, जिनका आवश्यक उपचार किया गया। बुखार एवं सिरदर्द की शिकायत वाले छह लोगों की मलेरिया जांच की गई, जिनकी रिपोर्ट नेगेटिव रही। वहीं कुछ लोगों में एनीमिया तथा एक व्यक्ति में उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) की पहचान कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।यह सामुदायिक स्वास्थ्य शिविर डॉ. धीरेंद्र कुमार, मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (सीएमओ), ओएमक्यू के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में टाटा स्टील अस्पताल की ओर से डॉ. अमला शंकर चटर्जी, डॉ. वीणा प्रिया टी. एवं डॉ. पी. अरुण कुमार ने अपनी सेवाएं प्रदान की।टाटा स्टील ओएमक्यू द्वारा समय-समय पर आयोजित ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके घर के निकट गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है।
