
नोवामुंडी, संवाददाता:
नोवामुंडी प्रखण्ड के बालिझरन पंचायत भवन में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चयनित लाभुकों के साथ एक विशेष जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य चयनित लाभुकों को योजना से संबंधित आवश्यक जानकारियां देना, आवास निर्माण की प्रक्रिया को समझाना और उनके मन में उठने वाले सवालों व जिज्ञासाओं का समाधान करना था। बैठक के दौरान उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने लाभुकों को आवास निर्माण के विभिन्न चरणों, इसके लिए आवश्यक दस्तावेजों और सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के बारे में विस्तार से अवगत कराया। जनप्रतिनिधियों ने सभी लाभुकों से अपील की कि वे नियमों का पूरी तरह पालन करते हुए इस योजना का सही तरीके से लाभ उठाएं और समय पर अपने आवास का निर्माण पूरा करें। इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से मुखिया रवि सामड, उप मुखिया संगीता लकड़ा, पंचायत समिति सदस्य सतीश ठाकुर, वार्ड सदस्य हरि माया गुरुंग, वार्ड सदस्य कुमारी ज्योति तथा जेएसएलपीएस जेंडर सीआरपी पूनम शर्मा उपस्थित रहीं। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए चयनित कुल 30 लाभुकों ने भी इस बैठक में हिस्सा लिया और योजना का लाभ उठाने की पूरी प्रक्रिया को समझा।
