
नोवामुंडी: मोहर्रम जुलूस की पूर्व संध्या पर गुरुवार को नोवामुंडी में प्रशासन ने अपनी मुस्तैदी का अहसास कराया। क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आम जनता में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के उद्देश्य से शाम 6:00 बजे एक भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। जगन्नाथपुर के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अरुण उरांव के नेतृत्व में यह मार्च नोवामुंडी थाना परिसर से शुरू हुआ।

यह फ्लैग मार्च नोवामुंडी थाना से निकलकर मुख्य मार्ग, रेल फाटक, स्टेशन रोड और संग्रामसाई होते हुए आजाद बस्ती तक पहुंचा। इस दौरान जिला पुलिस बल के जवान बड़ी संख्या में पूरे साजो-सामान के साथ मार्च में शामिल थे। पूरे मार्ग में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद किया और शांतिपूर्वक त्योहार मनाने की अपील की। इस फ्लैग मार्च में एसडीओ अरुण उरांव के साथ बीडीओ पप्पू रजक, इंस्पेक्टर वासुदेव मुंडा, थाना प्रभारी नयन कुमार सिंह, सब-इंस्पेक्टर पूर्णिमा कुमारी, अखिलेश कुमार सिंह, असिस्टेंट सब-इनस्पेक्टर राजीव रंजन, बलराम महतो, राजेंद्र प्रसाद मंडल, सुरेंद्र कुमार मांझी और सुशील सिंह सहित जिला पुलिस बल के जवान बड़ी संख्या में मौजूद रहे। मार्च के दौरान संदेश देते हुए एसडीओ अरुण उरांव ने कहा कि मोहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। वहीं बीडीओ पप्पू रजक ने कहा कि नोवामुंडी क्षेत्र का इतिहास हमेशा से आपसी भाईचारे का रहा है।

यहां के लोग सभी पर्व-त्योहार मिलकर मनाते आए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार भी यह खूबसूरत परंपरा कायम रहेगी।
थाना प्रभारी नयन कुमार सिंह ने लोगों से विशेष अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की भड़काऊ नारेबाजी, अफवाह या सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने से बचें। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म्स पर प्रशासन की विशेष साइबर टीम पैनी नजर रख रही है। यदि कोई भी व्यक्ति कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या माहौल खराब करने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अंत में प्रशासन ने सभी समुदायों के प्रबुद्ध नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए मोहर्रम का पर्व आपसी सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाने का आह्वान किया।
