
शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने अपनाया स्वस्थ जीवन का संकल्प
नोवामुंडी संवाददाता, 20 जून। अंतरराष्ट्रीय विश्व योग दिवस के अवसर पर नोवामुंडी प्रखंड क्षेत्र स्थित उच्च विद्यालय कोटगढ़ में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के विभिन्न आसनों और प्राणायाम का अभ्यास किया।
योगाभ्यास कार्यक्रम विद्यालय के प्रधान शिक्षक हाथीराम मुंडारी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जबकि इसकी अगुवाई विद्यालय प्रबंधन समिति के पूर्व सचिव बाणेश्वर नायक ने की। इस अवसर पर प्रतिभागियों को योग के महत्व, उसके वैज्ञानिक आधार तथा दैनिक जीवन में उसकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में शिक्षक मो. यासीन, संदीप गोप, बेलस हबिल कुजूर, मो. मुस्तकीम, सरिता पान, किरण लाहा, पारसमणी बेहरा, शकुंतला नायक, मोती पुरती, मनसिंह पुरती एवं सरोज तिरिया सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ, मन शांत और एकाग्रता मजबूत होती है। योग तनाव, चिंता और कई जीवनशैली संबंधी बीमारियों को नियंत्रित करने में सहायक है। हालांकि विशेषज्ञों ने यह भी बताया कि गलत तरीके से या बिना प्रशिक्षक के कठिन योगासन करने से मांसपेशियों में खिंचाव, चोट अथवा शारीरिक परेशानी हो सकती है। इसलिए योग सदैव सही विधि और मार्गदर्शन में करना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने नियमित योग अपनाकर स्वस्थ एवं निरोग जीवन जीने का संकल्प लिया।
फोटो- उवि कोटगढ परिसर में योग करते शिक्षक व विधार्थी
