
संवाददाता, नोवामुंडी
नोवामुंडी में आज बंगाली समुदाय के लोगों द्वारा जमाई षष्ठी का पारंपरिक पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जमाई अपने ससुराल पहुंचकर सास के लिए मिठाई, मछली, फल और उपहार लेकर आए, जिससे पूरे परिवार में खुशी का माहौल रहा।
परंपरा के अनुसार सास द्वारा जमाई के लिए 52 प्रकार के भोग तैयार किए गए। जमाई का स्वागत सम्मानपूर्वक राजा की तरह किया गया और भोजन के दौरान उन्हें पंखा झलकर सेवा की गई। सास ने एक थाली में फल और मिठाइयाँ सजाकर जमाई को परोसीं तथा दही फोड़ा भी दिया गया।
इस अवसर पर उपहारों का आदान-प्रदान हुआ और ससुराल पक्ष एवं जमाई के बीच प्रेम और आत्मीयता का सुंदर संदेश देखने को मिला। पूरे कार्यक्रम में पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए उत्सव को उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया।
