
कांड्रा :डोकाकुली में पिछले कई दिनों से जारी लो-वोल्टेज के संकट से जूझ रहे ग्रामीणों को आखिरकार बड़ी राहत मिल गई है। भीषण गर्मी के इस दौर में पूरा डोकाकुली क्षेत्र लो-लाइट की गंभीर समस्या से त्रस्त था। दरअसल, यहाँ लगे मुख्य ट्रांसफार्मर में कोई खराबी नहीं थी, बल्कि उसकी अर्थिंग सही न होने के कारण वोल्टेज पूरी तरह डाउन हो गया था। बिजली विभाग की सुस्ती को देखते हुए आखिरकार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने खुद मोर्चा संभाला और सामूहिक प्रयास से इस समस्या को जड़ से खत्म कर दिया। डोकाकुली के इस मुख्य ट्रांसफार्मर से ही सैकड़ों ग्रामीणों के घरों में बिजली की सप्लाई होती है। अर्थिंग फेल होने की वजह से वोल्टेज इतना डाउन था कि लोगों के रोजमर्रा के काम ठप हो गए थे और उमस भरी गर्मी में जीना मुहाल हो गया था। जब सरकारी तंत्र से कोई मदद नहीं मिली, तो कांड्रा पंचायत के पूर्व मुखिया होनी सिंह मुंडा, समाजसेवी लाल बाबू महतो, समाजसेवी राम महतो,कांड्रा बाजार दुर्गा पूजा कमेटी के अध्यक्ष संजय महंती और मनीष प्रसाद की अगुवाई में डोकाकुली के ग्रामीणों ने श्रमदान का फैसला किया।

सभी ने मिलकर ट्रांसफार्मर के पास करीब 10 फीट गहरा गड्ढा खोदा और नए सिरे से अर्थिंग को दुरुस्त किया। ग्रामीणों की यह मेहनत तुरंत रंग लाई और अर्थिंग ठीक होते ही डोकाकुली क्षेत्र का वोल्टेज पूरी तरह सामान्य हो गया। बिजली आते ही ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे। संकट की इस घड़ी में त्वरित और सजग पहल के लिए स्थानीय लोगों ने पूर्व मुखिया होनी सिंह मुंडा और उनकी पूरी टीम का दिल से आभार जताया है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर यह सामूहिक प्रयास न होता, तो उन्हें न जाने कब तक इस भीषण गर्मी में अंधेरे और लो-वोल्टेज का दंश झेलना पड़ता।
