
।कांड्रा। सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा रेलवे सुरक्षा बल (RPF) थाना में नए प्रभारी के रूप में दिवाकर सिंह ने पदभार ग्रहण कर लिया है। उनके आगमन और कार्यभार संभालने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी (सरायकेला-खरसावां) के महासचिव सह कार्यालय प्रभारी प्रकाश कुमार राजू, समाजसेवी डॉ. जोगेन्दर प्रसाद महतो एवं समाजसेवी अजय शुक्ला ने संयुक्त रूप से नए आरपीएफ प्रभारी दिवाकर सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बुके (पुष्पगुच्छ) भेंट कर और पारंपरिक रूप से अंगवस्त्र ओढ़ाकर नए प्रभारी का अभिनंदन किया और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

बांसपानी से हुआ है स्थानांतरण
बताते चलें कि आरपीएफ प्रभारी दिवाकर सिंह इससे पहले ओडिशा के बांसपानी में कार्यरत थे, जहाँ से स्थानांतरित होकर वे अब कांड्रा पहुंचे हैं। वहीं, कांड्रा के निवर्तमान आरपीएफ प्रभारी का तबादला ओडिशा के बांसपानी में हुआ है। दोनों अधिकारियों का यह स्थानांतरण एक-दूसरे के कार्यक्षेत्र के पारस्परिक बदलाव के तहत हुआ है। मुलाकात के दौरान समाजसेवियों ने नए प्रभारी के साथ क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और रेल यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक चर्चा की। नए आरपीएफ प्रभारी दिवाकर सिंह ने भी सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में रेल संपत्ति की सुरक्षा और यात्रियों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। वही मौके पर मुख्य रूप से सरायकेला-खरसावां) के महासचिव सह कार्यालय प्रभारी प्रकाश कुमार राजू, समाजसेवी डॉ. जोगेन्दर प्रसाद महतो, समाजसेवी अजय शुक्ला, आरपीएफ के एएसआई ओपी यादव समेत आरपीएफ के जवान मौजूद थे
