
जमशेदपुर। नेशनल ह्यूमन राइट्स एलायंस के तत्वावधान में कल रविवार (14 जून) को शहर के व्यस्ततम साकची गोलचक्कर (साकची बाजार) में एक विशेष सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक चलेगा। वर्तमान समय में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को जिम्मेदार नागरिक बनाने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान संस्था के पदाधिकारी और सदस्य लाउडस्पीकर के माध्यम से आम लोगों को यातायात नियमों और ट्रैफिक सिग्नलों के पालन के प्रति जागरूक करेंगे। साथ ही वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने और सीट बेल्ट का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस मुहिम को सफल बनाने और सुरक्षित यातायात संस्कृति के निर्माण में समाजसेविका सह सेलिब्रिटी मेकअप आर्टिस्ट पूजा दत्ता मुख्य रूप से अपनी सहभागिता निभा रही हैं। जागरूकता अभियान के साथ-साथ इस भीषण गर्मी को देखते हुए साकची गोलचक्कर से गुजरने वाले राहगीरों, वाहन चालकों और आम लोगों के बीच संस्था की ओर से मीठे एवं शीतल जल का वितरण भी किया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोशन कुमार गुप्ता, महासचिव जयदीप कुमार और संगठन सचिव रमेश कुमार पांडेय ने बताया कि इस नेक पहल में समाज के हर वर्ग का साथ जरूरी है। वहीं समाजसेविका पूजा दत्ता ने शहर के तमाम प्रबुद्ध नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों से इस अभियान को सफल बनाने में अपनी सहभागिता निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन किसी डर से नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए करना चाहिए। कल सुबह 10 बजे से आयोजित इस शिविर में संस्था के तमाम सदस्य सेवा के लिए मुस्तैद रहेंगे।
