
सरायकेला। सरायकेला जिला अंतर्गत राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में प्रसव के दौरान विनिता नामक महिला और उसके नवजात शिशु की मौत के मामले को जिला प्रशासन ने अत्यंत गंभीरता से लिया है। उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने इस दुखद घटना पर संज्ञान लेते हुए एक उच्चस्तरीय जांच कमेटी का गठन कर दिया है। इस कमेटी में सरायकेला के अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश, सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह और सदर अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रीति मांझी को शामिल किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त नितीश कुमार सिंह स्वयं जांच दल के साथ सीएचसी राजनगर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि घटना के समय के सभी सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराए जाएं और मामले से जुड़े हर छोटे-बड़े तथ्य का गहनता से परीक्षण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए।
जांच के दौरान उपायुक्त ने कड़े लहजे में कहा कि आम जनता को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि स्वास्थ्य व्यवस्था में किसी भी स्तर पर बरती गई लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वर्तमान में जांच कमेटी सभी बिंदुओं पर अपनी रिपोर्ट तैयार कर रही है, जिसके आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा
