
गम्हरिया: रामचंद्रपुर स्थित खेल मैदान में रविवार, 15 मार्च को आयोजित होने वाले ‘कृष्टि-दीपा महोत्सव’ की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस महोत्सव में देशभर से लाखों की संख्या में गुरु भाई और गुरु बहनों के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन समिति ने बताया कि पूरे मैदान को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जिसे देखने के लिए शनिवार शाम से ही लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य परम प्रेममय श्री श्री ठाकुर अनुकूलचंद्र जी के आदर्शों और उनके द्वारा बताए गए ‘याजन, याजन और इष्टभृति’ के मार्ग को जन-जन तक पहुंचाना है। सुरक्षा और व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। परम प्रेममय श्री श्री ठाकुर अनुकूलचंद्र जी मात्र एक गुरु नहीं, बल्कि इस युग के ‘युग पुरुषोत्तम’ हैं। उन्होंने मनुष्य के सर्वांगीण विकास के लिए एक ऐसा मार्ग दिखाया जो धर्म, विज्ञान और व्यवहारिकता का अद्भुत संगम है।”परम पिता का जो है विधान, जीवन वृद्धि उसका प्राण।”ठाकुर जी का संदेश स्पष्ट है—स्वयं को बेहतर बनाना, अपने परिवेश को सुंदर बनाना और इष्ट के प्रति समर्पित रहकर समाज की सेवा करना। वे सिखाते हैं कि कैसे हम अपनी सहज वृत्तियों को नियंत्रित कर एक पूर्ण मनुष्य बन सकते हैं। उनका प्रेम और करुणा ही ‘कृष्टि-दीपा’ का असली प्रकाश है, जो हर भक्त के हृदय में जलता है।
