
प्रतिनिधि : नोवामुंडी
बुधवार सुबह नोवामुंडी से चाईबासा जा रहे प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) पप्पू रजक एक बड़े सड़क हादसे का शिकार होते-होते बाल-बाल बच गए। नगर निकाय चुनाव से संबंधित कार्यों के लिए जाते समय टोंटो प्रखंड अंतर्गत सूरज बासा के पास उनकी सरकारी गाड़ी एक दोपहिया वाहन चालक को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन सड़क से फिसलते हुए झाड़ियों में जा घुसा और दो विशाल पेड़ों के बीच अटक गया। गनीमत रही कि गाड़ी नीचे गहरी खाई में नहीं गिरी, अन्यथा हादसा जानलेवा हो सकता था।
तुरंत पहुंचा प्रशासन, राहत कार्य शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही टोंटो प्रखंड के BDO, थाना प्रभारी और स्थानीय मुखिया तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों के सहयोग से दुर्घटनाग्रस्त वाहन से BDO पप्पू रजक और उनके सहकर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस घटना में BDO और उनके स्टाफ को आंतरिक चोटें आई हैं, हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।टोचन और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से गाड़ी को झाड़ियों से बाहर निकाला गया। इसके बाद जगन्नाथपुर के अंचल अधिकारी मनोज कुमार मिश्रा भी घटनास्थल पर पहुंचे और BDO पप्पू रजक को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया।

कुछ सेकेंड की देरी पड़ सकती थी भारीस्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कुछ सेकेंड की भी देरी होती, तो परिणाम बेहद भयावह हो सकता था। हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सतर्कता की अहमियत को उजागर कर दिया है।BDO पप्पू रजक का भावुक संदेश
हादसे के बाद भावुक हुए BDO पप्पू रजक ने कहा—
“ईश्वर की कृपा और प्रखंड की जनता की दुआओं से मेरी जान बच गई।”उन्होंने सभी दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि नशे की हालत में या ओवरस्पीड वाहन न चलाएं।
“इससे न सिर्फ आपकी, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ती है। अपने परिवार और दूसरों की सुरक्षा का ख्याल रखें।”उल्लेखनीय है कि यह दुर्घटना एक दोपहिया वाहन चालक को बचाने के प्रयास में हुई। फिलहाल प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुटा है।
आज एक बार फिर यह कहावत चरितार्थ हुई—
“जाको राखे साइयां, मार सके ना कोई।”
