
भास्कर न्यू/ नोवामुंडी: नोवामुंडी प्रखंड क्षेत्र के कोटगढ में स्थित उच्च विद्यालय परिसर में कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों के सम्मान में एक भावपूर्ण एवं गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यालय परिवार, अतिथियों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति से वातावरण भावनाओं और उल्लास से सराबोर रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निरंजन बोबोंगा रहे, जबकि समारोह की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधान शिक्षक हाथीराम मुंडा ने की। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि निरंजन बोबोंगा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम और सकारात्मक सोच से हर लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
प्रधान शिक्षक हाथीराम मुंडा ने अपने भावुक विदाई भाषण में विद्यार्थियों के साथ बिताए गए पलों को याद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय से प्राप्त शिक्षा और संस्कार विद्यार्थियों को जीवन के हर मोड़ पर मार्गदर्शन देंगे।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। समूह नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिस पर उपस्थित जनसमूह ने खूब तालियाँ बजाईं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों को प्रतीक स्वरूप कलम भेंट कर भावभीनी विदाई दी गई, जो उनके ज्ञान, मेहनत और नए सफर की शुरुआत का प्रतीक बनी।
इस अवसर पर पूर्व सचिव बाणेश्वर नायक, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य बिकराम तिरिया सहित शिक्षक पारसमणी बेहरा, मो. यासीन, रोयवारी केडा केडाई, बविता नायक, सरिता पान, मोती पुरती, शकुंतला नायक, किरण लाहा, जिज्ञासु बेहरा, संदीप गोप, बेलस कुजूर, फूलमनी जारिका, मानसिंह पुरती, संजना जारिका, जयासिनी नायक, राजेश कारूवा, रानी देवी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।समारोह भावुक क्षणों, मधुर स्मृतियों और प्रेरणादायक संदेशों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जो विद्यार्थियों के जीवन में सदैव एक यादगार अध्याय के रूप में अंकित रहेगा।
