
टीएसजी, गम्हरिया के प्रकृति उद्यान में नये वर्ष के पहले दिन केक कटिंग एवं शुभकामना संदेशों के साथ सादे लेकिन उत्साहपूर्ण माहौल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रबंधन, टाटा कामगार यूनियन के प्रतिनिधि तथा सभी विभागों के वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्लांट चीफ रंजन कुमार सिंह ने वर्तमान औद्योगिक परिदृश्य पर विशेष जोर देते हुए कहा कि टैरिफ सहित अन्य बाहरी कारकों के कारण उद्योग जगत अनिश्चितता और अस्थिरता के दौर से गुजर रहा है। ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में कस्टमर की बढ़ती और बदलती अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए रणनीतिक अवसरों की पहचान और समयबद्ध निर्णय अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि केवल तात्कालिक परिणामों पर ध्यान केंद्रित करने से स्थायी सफलता संभव नहीं है। दीर्घकालिक सोच, अनुशासित निष्पादन और स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण के माध्यम से ही कम्पनी स्थिरता और सतत विकास की राह पर आगे बढ़ सकती है।

प्लांट चीफ ने प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि हर कर्मचारी को अपनी जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से समझते हुए व्यक्तिगत स्तर पर जवाबदेही तय करनी होगी। उन्होंने कॉस्ट कंट्रोल को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण पर बल दिया।
साथ ही उन्होंने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि सुरक्षा नियमों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। “रोको–टोको” की नीति पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि जहां भी असुरक्षित कार्य या नियमों का उल्लंघन दिखे, उसे तुरंत रोका जाए और एक-दूसरे को टोकने की स्वस्थ कार्य संस्कृति विकसित की जाए, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
इससे पूर्व चीफ, मिल्स (ऑपरेशन्स) नीलांजन विश्वास ने कम्पनी के कुल उत्पादन में संतोषजनक वृद्धि की जानकारी देते हुए नये लक्ष्यों को हासिल करने के लिए सभी कर्मचारियों को प्रेरित किया। उन्होंने वेस्ट मटेरियल के बेस्ट यूज़ पर जोर दिया और कॉम्बी मिल में कार्यरत लगभग 40 प्रतिशत महिला कर्मचारियों की भूमिका को कम्पनी की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि महिला सहभागिता से कम्पनी की दूरदर्शी नीति और कार्य संस्कृति से कस्टमर भी प्रभावित हो रहे हैं, जो भविष्य के लिए आशा और ऊर्जा का संकेत है।
टाटा कामगार यूनियन के अध्यक्ष बीके ड़िडा ने अपने संबोधन में सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए इसमें किसी भी प्रकार की कोताही न बरतने, प्रदूषण नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने और समाज के साथ कम्पनी के जुड़ाव को और मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि केवल प्रोडक्शन बढ़ाना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि समाज को भी साथ लेकर आगे बढ़ना जरूरी है।
कार्यक्रम का संचालन एरिया मैनेजर, ईएस एंड सीआर महेंद्र सिंह ने किया। वहीं हेड, ईएस एंड सीआर प्रमोद कुमार के धन्यवाद ज्ञापन ने अपने रोचक और शायराना अंदाज से गंभीर माहौल को हल्का करते हुए मानों श्रोताओं की महफ़िल लूट ली।
केक कटिंग कार्यक्रम के दौरान अगम कुमार, रवि नन्दन ठाकुर, डॉ. टी. भास्कर, मुकुंद झा, श्रीनाथ पांडे, रंजीत चौधरी, मिथिलेश कुमार सिंह, रोहन कुमार सहित सभी विभागों के वरीय अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम ने नये वर्ष में टीमवर्क, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
