
नोवामुंडी | 25 दिसंबर, गुरुवार —
नोवामुंडी कॉलेज परिसर में क्रिसमस डे हर्षोल्लास, आपसी सौहार्द और भाईचारे के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर कॉलेज परिवार की ओर से एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

क्रिसमस के पावन अवसर पर संत मैरी गिरजाघर के फ़ादर श्री जॉर्ज एक्का नोवामुंडी कॉलेज पहुँचे। इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनोजित विश्वास के साथ संयुक्त रूप से क्रिसमस केक काटा गया तथा उपस्थित शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को क्रिसमस की शुभकामनाएँ दी गईं। कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य द्वारा फ़ादर श्री जॉर्ज एक्का को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया।

नोवामुंडी कॉलेज परिवार सभी धर्मों को समान आदर्श मानते हुए धार्मिक सद्भाव और आपसी सम्मान की परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाता आ रहा है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनोजित विश्वास के मार्गदर्शन में प्रत्येक वर्ष सावन सोमवारी, मुहर्रम एवं गुरुनानक जयंती सहित विभिन्न धार्मिक अवसरों पर निकलने वाले जुलूसों के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा हेतु सेवा शिविरों का आयोजन किया जाता है।

इस अवसर पर फ़ादर श्री जॉर्ज एक्का ने सभी को क्रिसमस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि शिक्षण संस्थान ज्ञान, प्रेम और भाईचारे के केंद्र होते हैं। उन्होंने सभी को प्रेम, सेवा और मानवता के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।

वहीं कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनोजित विश्वास ने कहा कि नोवामुंडी कॉलेज विविधताओं में एकता का प्रतीक है। यहाँ सभी धर्मों और संस्कृतियों का समान रूप से सम्मान किया जाता है, जो विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होता है।

कार्यक्रम का समापन आपसी शुभकामनाओं एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण के साथ हुआ।
इस अवसर पर कॉलेज के सहायक शिक्षकों में साबिद हुसैन, डॉ. मुकेश कुमार सिंह, नरेश कुमार पान, जगन्नाथ प्रधान, दयानिधि प्रधान, रामबहादुर चौधरी, अनिमेष बिरूली, प्रमिला देवी सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित थे।
