
पदमावती जैन सरस्वती शिशु मंदिर नोवामुण्डी में महान गणितज्ञ श्रीनिवासन रामानुजन जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय विद्यालय के प्रबंध कार्यकारिणी समिति के माननीय सचिव श्रीमान चितरंजन बेहरा एवं माननीय कोषाध्यक्ष श्रीमती मालती लागुरी सह स्थानीय विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा पालित गुरु मां ने श्रीनिवासन के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलित कर किया।

कार्यक्रम में कक्षा अष्टम की बहन आकांक्षा ठाकुर ने श्रीनिवासन रामानुजन के जीवन के विषय में प्रकाश डाला। उनके जीवन के बारे में बताते हुए बहन ने कहा कि वे एक महान भारतीय गणितज्ञ थे। इन्हें आधुनिक काल के महानतम गणित विचारकों में गिना जाता है।

इन्हें गणित में कोई विशेष प्रशिक्षण नहीं मिला फिर भी इन्होंने विश्लेषण एवं संख्या सिद्धांत के क्षेत्र में गहन योगदान दिए। इन्होंने अपनी प्रतिभा लगन से न केवल गणित के क्षेत्र में अद्भुत आविष्कार किए वरन् अतुलनीय गौरव भी प्रदान किया। इन्होंने गणित के सहज ज्ञान और बीजगणित प्रकलन की अद्वितीय प्रतिभा के बल पर बहुत से मौलिक और अपारंपरिक परिणाम निकाले जिन से प्रेरित शोध आज तक हो रहे हैं।

तत्पश्चात् बाल वाटिका, शिशु वर्ग, बाल वर्ग एवं किशोर वर्ग के भैया बहनों ने सुन्दर गणित प्रोजेक्ट दिखाया एवं उस प्रोजेक्ट को बहुत अच्छे तरीके से समझाया। कुल 13 छात्र छात्राओं ने प्रोजेक्ट दिखाकर सभी का मन मोह लिया। प्रोजेक्ट का अवलोकन विद्यालय कार्यकारिणी प्रबंध समिति के माननीय सचिव चितरंजन बेहरा, माननीय कोषाध्यक्ष श्रीमती मालती लागुरी एवं स्थानीय विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा पालित गुरु मां ने किया। कार्यक्रम में सभी भैया बहन एवं आचार्य दीदी जी उपस्थित रहे।
