
जमशेदपुर। जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी पहल के तहत बुधवार को भुईयांडीह के लाल भट्टा, बारा घाट स्वर्णरेखा नदी तट पर भुईयांडीह लिट्टी चौक से भिलाई पहाड़ी (एनएच33) तक फोर लेन सड़क एवं स्वर्णरेखा नदी पर फोर लेन पुल निर्माण की महत्वाकांक्षी योजना का जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू की मौजूदगी में विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। विधायक पूर्णिमा साहू ने विधिवत पूजन-अर्चना कर निर्माण कार्य की शुरुआत की।
फोर लेन सड़क तथा स्वर्णरेखा नदी पर फोर लेन पुल निर्माण योजना पथ निर्माण विभाग द्वारा ₹39,91,72,857.53 की लागत से 2024-25 के 11 SBD के अंतर्गत स्वीकृत है। परियोजना के तहत 242 मीटर लंबे फोर लेन पुल का निर्माण किया जाएगा, जबकि पहुँच पथ की लंबाई 3.453 किलोमीटर होगी। इस प्रकार योजना की कुल लंबाई 3.695 किलोमीटर निर्धारित है। इस परियोजना को 18 महीनों में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस दौरान विभागीय अभियंताओं ने स्पष्ट किया कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी घर को नुकसान नहीं होगा। इस पर विधायक पूर्णिमा साहू ने भी लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसी को भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है और किसी भी प्रकार की क्षति नहीं पहुंचाई जाएगी।
विधायक पूर्णिमा साहू ने योजना के शुभारंभ पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास की दूरदर्शी सोच को धरातल पर उतरते देखना गर्व और खुशी का विषय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र से भारी वाहनों के आवागमन को सुव्यवस्थित करने के लिए डोबो पुल तथा गोविंदपुर–धानचटाई मार्ग को नेशनल हाईवे से जोड़ा था। लिट्टी चौक से भिलाई पहाड़ी तक भारी वाहनों के लिए पुल निर्माण का प्रस्ताव भी उनके कार्यकाल में हुआ था। उन्होंने कहा कि इस फोर लेन पुल और सड़क के निर्माण से शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होगा, यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी और आम नागरिकों की आवाजाही में समय की बचत होगी।
विधायक पूर्णिमा साहू ने विश्वास जताया कि योजना निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण होगी और इसके पूरा होने से जमशेदपुर की जनता को व्यापक और दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।
ज्ञात हो कि विधायक पूर्णिमा साहू ने इस योजना को लेकर गत विधानसभा सत्र में जोरदार तरीके से उठाया था। इसके साथ ही, वे झारखंड सरकार के पथ निर्माण विभाग के सचिव से भी लगातार वार्ता करती रही हैं और प्रत्येक चरण की प्रगति पर निगरानी स्वयं कर रही थीं।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, कल्याणी शरण, पवन अग्रवाल, अप्पा राव, रंजीत सिंह, पप्पू उपाध्याय, कुमार अभिषेक, विकास शर्मा, रितेश झा, युवराज सिंह, बापन बनर्जी, सुशांत पांडा, संतोष ठाकुर, सुरेश शर्मा, मिथिलेश साव, धनराज गुप्ता, लोहा यादव, उमेश साव, कंचन दत्ता, रमेश नाग, रमेश विश्वकर्मा, बोलटू सरकार, महावीर सिंह समेत पथ निर्माण विभाग के अभियंतागण एवं संवेदक के कर्मचारी मौजूद रहे।
