
रांची। बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (बीआईटी), मेसरा, रांची में जटिल प्रणालियों के सिमुलेशन की कला और विज्ञान विषय पर तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आज शुभारंभ हुआ। यह सम्मेलन 17 से 19 दिसंबर तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश से आए वैज्ञानिक, शिक्षाविद एवं शोधकर्ता भाग ले रहे हैं। सम्मेलन का उद्घाटन संस्थान के कुलपति प्रो. इंद्रनील मन्ना ने किया। अपने उद्घाटन संबोधन में उन्होंने विज्ञान और अभियांत्रिकी के विभिन्न क्षेत्रों में जटिल समस्याओं के समाधान के लिए सिमुलेशन और मॉडलिंग तकनीकों की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवा शोधकर्ताओं को अंतर्विषयक अनुसंधान के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि प्रो. ए. पी. दिमरी ने जलवायु विज्ञान सहित अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सिमुलेशन तकनीकों के महत्व पर अपने विचार साझा किए तथा वैश्विक समस्याओं के समाधान के लिए सहयोगात्मक शोध की आवश्यकता पर जोर दिया। सम्मेलन की संयोजक डॉ. निशि श्रीवास्तव ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए सम्मेलन के उद्देश्यों की जानकारी दी। उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता भौतिकी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार ने की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि डॉ. राजेश कुमार माल एवं प्रो. राजीव भाटला भी उपस्थित रहे। सम्मेलन के दौरान आमंत्रित व्याख्यान, तकनीकी सत्र तथा शोध पत्र प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा।
