आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में वृहत जलापूर्ति योजना में वन विभाग की ओर से सहयोग करने की मांग को ले जन कल्याण मोर्चा का एक प्रतिनिधिमंडल सहायकेला डीएफओ आदित्यनारायण से मिल ज्ञापन सौंपा। इसमें बताया गया कि वन विभाग से एनओसी नहीं मिलने से जिंदल की ओर से इस बहुआयामी वृहत पेयजल (395.15 करोड़ की) योजना का काम धीमी गति से चल रही है। एनओसी नहीं मिल पाने से इसे समय पर पूरा नहीं किया सकेगा। इससे आम जनता को काफी परेशानी होगी। वन विभाग इसके लिये खुलकर सहयोग करे। डीएफओ आदित्यनारायण ने कहा कि वन विभाग इस पर गंभीर है। एक माह के भीतर रांची कार्यालय से सांपड़ा में 60 एमएलडी का वाटर ट्रिटमेंट प्लांट बनने की एनओसी मिल जाएगी। नगर निगम और सीतारामपुर वाटर ट्रिटमेंट प्लांट में पाइप बिछाने के लिए वन विभाग से एनओसी के लिए अंचल कार्यालय व जिला स्तर पर कुछ कागजात मांगे गए हैं। कागजात मिलते ही काम तेजी में होगा। प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष अधिवक्ता ओम प्रकाश, आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व पार्षद अधिवक्ता नायकी हेंब्रम, जिला बार एसोसिएशन के संयुक्त सचिव भीम सिंह कुदादा आदि शामिल थे।
