
नोवामुंडी प्रखंड में करमा पर्व के लिए जवा रानी स्थापित की गयी
नोवामुंडी: नोवामुंडी प्रखंड के रेंगाडबेडा, छोटानागरा,आईकुटी और नोवामुंडी के टाटा स्टील कैंप बालीझरन में करमा पर्व आगामी 14 सितम्वर को विधि विधान के साथ मनाया जाएगा. मंगलवार को कई गाँवों में 5 दिवस के लिए जवा उठाव किया गया. कुछ गाँवों में 3 दिन के लिए जवा रानी स्थापित की जाएगी.

रेंगाडबेडा में शत्रुघ्न मुंडारी के घर में आज 5 दिन का जवा उठाव किया गया. दिन भर 5 कुँवारी कन्याएँ उपवास में रह कर नदियों से बालु लायी. इसमें विभिन्न प्रकार के बीजों के मिश्रण कर जवा रानी स्थापित की. शुक्रवार की संध्या जागरण का कार्यक्रम आयोजित होगा और शनिवार की शाम दिन भर उपवास में रहकर कुंवारी कन्या करम डाली लेकर घर आएंगी और इसे गाड कर पूरी रात समूह नृत्य करेंगे. लोग मांदर और नगाडे की थाप पर नाच गाकर खूब मस्ती करेंगे. इस दिन राजा सत्यवादी हरिशचंद्र और उनके पुत्र रायदास की कहानी सुनाकर करमा और धरमा दो भाईयों की मान्यताओं की परिचर्चा करेंगे.
