

मुख्य निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी झारखंड के निर्देशानुसार युवा एवं भावी मतदाताओं को ईएलसी के माध्यम से प्रेरित कर प्रशिक्षित करने का काम शुक्रवार से शुरू किया गया। इसके तहत डेडीकेटेड सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने विभिन्न विद्यालयों में कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों को प्रशिक्षित किया गया। इस क्रम में प्रखंड क्षेत्र के 4 स्कूलों में ईएलसी के विद्यार्थियों को प्रशिक्षित करने का कार्य किया गया। इसमें सर्वप्रथम डीएवी एनआईटी में कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण दिया गया। यहां ईएलसी की गतिविधियों को देख डेडीकेटेड एईआरओ मृत्युंजय कुमार ने तारीफ की। इसके बाद एसएन हाई स्कूल, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय तथा कॉन्वेंट स्कूल आदित्यपुर में ईएलसी के माध्यम से नए मतदाताओं तथा भविष्य के मतदाताओं को जागरूक किया गया। मास्टर ट्रेनर शंकर कुमार सत्पथी ने मतदाता सूची एवं मतदान की प्रक्रियाओं से नए और भविष्य के मतदाताओं को अवगत कराया। इस दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किए गए विभिन्न डिजिटल माध्यम एवं मतदाता बन जाने के बाद मतदान के प्रति उनकी जवाबदेही और देश के विकास में मतदान के जरिए उनके योगदान की जानकारी दी गई।
