

गम्हरिया सीएचसी से सटे रोहतास कॉलोनी के एक घर में चल रहे पावर प्रेस मशीन में काम के दौरान नाबालिग लक्ष्मी कुमारी की कटी तीन उंगलियों का इलाज नहीं कराने से वह मायूस है। शुक्रवार को पूर्व पार्षद सोनू कुमार से मिलने गए घायल नाबालिग के परिजनों ने इलाज कराने की मांग को लेकर धरने पर बैठने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी कंपनी मालिक द्वारा उनकी बेटी का इलाज नहीं कराया गया और ना ही मुआवजा दिया। बताया गया कि परमानंद कुमार नामक व्यक्ति की ओर से अपने घर में पावर प्रेस मशीन बैठाकर नाबालिग महिला कर्मी से काम करा रहा था। मंगलवार सुबह काम के दौरान उसकी दाहिने हाथ की तीन अंगुलियां कट गई। घटना के बाद तत्काल उसका उचित इलाज नहीं कराए जाने से पीड़ित महिला के पिता कृष्णा यादव ने पूर्व पार्षद सोनू कुमार को जानकारी दी। सोनू कुमार ने आदित्यपुर थानेदार को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की है। इस बीच घायल महिला कर्मी को निजी स्तर पर नर्सिंग होम में इलाज कराया गया। पूर्व पार्षद ने श्रम विभाग से पीड़िता को मुआवजा, उचित इलाज के साथ घर में पावर प्रेस मशीन बिठा उद्योग चलाने की जांच की मांग की है।
