
सरायकेला :: सरायकेला छऊ आर्टिस्ट एसोसिएशन के सदस्यों ने संरक्षक मनोज कुमार चौधरी के नेतृत्व में शुक्रवार को कोल्हान के आयुक्त सह कोल्हन यूनिवर्सिटी के प्रो प्रभारी कुलपति से वैश्विक छऊ नृत्य से संबंधित पढ़ाई शुरू करवाने को लेकर अनुरोध पत्र सौंपा। इस संबंध में एसोसिएशन के संरक्षक मनोज कुमार चौधरी अध्यक्ष भोला मोहन्ती, सचिव सुदीप कवि एवं सदस्य सुशील आचार्य जी ने कोल्हन यूनिवर्सिटी के वित्तीय अधिकारी प्रभात पानी जी से मिले और सरायकेला कॉलेज में वैश्विक छऊ नृत्य से संबंधित पढ़ाई शुरू करवाने का अनुरोध पत्र समर्पित किया। इसपर अधिकारी श्री पानी जी के द्वारा हरसंभव सहयोग करने का भरोसा दिया गया। इस संबंध में सरायकेला छऊ आर्टिस्ट एसोसिएशन के संरक्षक सह नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी सरायकेला की माटी छऊ नृत्यकला से संबंधित पद्मश्री अवार्ड, संगीत नाटक अकादमी अवार्ड, सीनियर फैलोशिप व जूनियर सम्मान प्राप्त कई सुप्रसिध्द कलाकारों की जननी है।जिन्होंने सरायकेला छऊ को विश्व स्तर में प्रसिद्धि दिलाई है। बावजूद दुर्भाग्यवश सरायकेला कॉलेज में पढ़ाई के लिए छऊ नृत्य कला पाठ्यक्रम से संबंधित अधिकारिक तौर पर कोई सिलेबस अभी तक उपलब्ध नहीं है जो चिंता का विषय है ।पूर्व में सरकार द्वारा छऊ नृत्य से जुड़ी पढ़ाई की शुरुआत कराने की घोषणा की थी एवं कोल्हन यूनिवर्सिटी द्वारा पिछली सीनेट की बैठक में छऊ नृत्य से संबंधित पढ़ाई सरायकेला काशी साहू कॉलेज में शुरू कराने हेतु निर्णय लिया गया था परन्तु सरायकेला छऊ नृत्य शिक्षा – गुरु शिष्य परंपरा पर आधारित है लेकिन अभी तक विधिवत शिक्षा का कोई प्रावधान नहीं बन पाया है। अतः शीघ्र ही सरायकेला काशी साहू कॉलेज में छऊ नृत्यकला की पढ़ाई शुरू करने को लेकर अनूरोध पत्र कुलपति को दिया गया है उक्त पत्र में छऊ नृत्य पाठ्यक्रम से संबंधित महत्वपूर्ण तथ्यों एवं एसोसिएशन के सुझावों को शामिल किया गया है।
