
राज्य के आदिवासी कल्याण सह परिवहन मंत्री चंपई सोरेन ने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में झारखंड देश में अव्वल होगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल पर राज्य में दोनों क्षेत्रों में तेजी से कार्य की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा में एयर एंबुलेंस की शुरुआत सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है। जबकि जिले में सभी सामुदायिक एवं जिला अस्पताल को अपग्रेड कर स्वास्थ्य सेवा को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया है। टाटा- कांड्रा मुख्य मार्ग पर आदित्यपुर स्थित गुंजन डायग्नोस्टिक परिसर में आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि सोरेन ने स्वास्थ्य सेवा को सदैव समाज सेवा की भावना से जोड़कर रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा को व्यवसायिक बनाने से गरीबों को इसका लाभ नहीं मिल पाएगा। उन्होंने कहा कि निजी हो या सरकारी, सभी अस्पतालों में गरीबों के लिए निशुल्क इलाज की व्यवस्था होना चाहिए। इस अवसर पर पूर्व मंत्री बड़ कुंवर गागराई ने कहा कि चिकित्सा का क्षेत्र काफी महत्वपूर्ण है। सेवा भावना की चिकित्सा का मुख्य उद्देश्य होना चाहिए। इस अवसर पर सिविल सर्जन डा. विजय कुमार ने जिले में स्वास्थ्य सेवा को बेहतर बनाने का आश्वासन दिया। इससे पूर्व डा. जगन्नाथ दास ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें पुष्प गुच्छ और अंग वस्त्र प्रदान किया। कार्यक्रम में पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष छोटराय किस्कू, सारथी महतो, संतोष खेतान, सत्य नारायण महतो उर्फ माकुड़ महतो, अभिजीत महतो, डा. अशोक सिंह, मिथुन कुंभकार, बीटी दास समेत काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।
