
जगन्नाथपुर। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा के मार्गदर्शन एवं प्राधिकार के सचिव के नेतृत्व में कर्रा सोसाइटी फॉर रूरल एक्शन (KSRA) के सहयोग से राजकीय रसेल उच्च विद्यालय +2, जगन्नाथपुर में बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम का नेतृत्व अधिकार मित्र उमर सादिक ने किया। इस दौरान विद्यार्थियों को बाल विवाह से होने वाली शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक परेशानियों के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि बाल विवाह बच्चों के अधिकारों, शिक्षा और बेहतर भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है।कार्यक्रम के दौरान उमर सादिक ने विद्यार्थियों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को रोकने तथा अपने परिवार और समुदाय में इसके प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद सैकड़ों विद्यार्थियों ने बाल विवाह के विरुद्ध शपथ ली और इस कुप्रथा को रोकने में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को जागरूक बनाकर उनके माध्यम से समाज में बाल विवाह के खिलाफ संदेश पहुँचाना तथा बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना है।
