
कांड्रा। सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा अंतर्गत पिंड्राबेड़ा स्थित सिद्धू-कान्हू खेल गांव में आजाद क्लब, पिंड्राबेड़ा के तत्वावधान में आयोजित 54वें दो दिवसीय फुटबॉल महाकुंभ में जूनियर फाइटर की टीम विजेता बनी। वहीं, टीजीकेबी एफसी ने उपविजेता का खिताब हासिल किया। प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया।
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि सांसद जोबा मांझी, अति विशिष्ट अतिथि झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के और विशिष्ट अतिथि डॉ. राजू मांझी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कृत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली जूनियर फाइटर की टीम को 1 लाख 20 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर रही टीजीकेबी एफसी को 80 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। वहीं, तीसरे स्थान पर रही सीपीएफ बाना की टीम को 50 हजार रुपये तथा चौथे स्थान पर रही संथाल प्रगति की टीम को भी 50 हजार रुपये प्रदान किए गए। इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में फुटबॉल प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। ऐसे आयोजन युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। आयोजक आजाद क्लब, पिंड्राबेड़ा की ओर से प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
