
संवाददाता संचार भारत न्यूज़, नोवामुंडी
ढोल-नगाड़ों की गूंज, रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाते पूजा पंडाल और गणपति बप्पा के जयकारों से जल्द ही नोवामुंडी का माहौल भक्तिमय होने वाला है। गणेश पूजा को लेकर शहर में तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। कहीं पंडाल को अंतिम रूप दिया जा रहा है तो कहीं आकर्षक सजावट का काम तेजी से चल रहा है। बाजारों में भी पूजा सामग्री की खरीदारी को लेकर रौनक बढ़ गई है। श्रद्धालु बेसब्री से गणपति बप्पा के आगमन का इंतजार कर रहे हैं।

नोवामुंडी में संग्राम साई, आजाद बस्ती, लखन साई, सेंटर कैंप, बालीझरन और डीवीसी कैंपस सहित कई स्थानों पर गणेश पूजा धूमधाम से मनाई जाती है। प्रत्येक पूजा स्थल पर अपनी अलग तैयारी और आकर्षण देखने को मिल रहा है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में गणेश पूजा को लेकर उत्साह है।
संग्राम साई में सजेगा मीना बाजार, बच्चों की मस्ती पर रहेगी नजर

गणेश पूजा के दौरान संग्राम साई का मीना बाजार हर वर्ष श्रद्धालुओं और परिवारों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनता है। इस बार भी मेले को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। पूजा के साथ मीना बाजार का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
बच्चों के मनोरंजन के लिए इस बार झूले भी लगाए जा रहे हैं। हालांकि जगह की कमी के कारण बड़े झूले नहीं लगाए जा सके हैं, लेकिन छोटे झूलों और मेले के अन्य आकर्षणों को लेकर बच्चों में उत्साह कम नहीं है। परिवार के साथ पूजा देखने आने वाले लोगों के लिए मीना बाजार मनोरंजन का अतिरिक्त केंद्र बनेगा।
पंडालों में अंतिम सजावट, प्रतिमा को दिया जा रहा अंतिम रूप
शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में गणेश प्रतिमा को अंतिम रूप देने के साथ सजावट का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। आयोजक पंडाल को आकर्षक बनाने में जुटे हैं। रंग-बिरंगी लाइटिंग, सजावटी सामान और धार्मिक थीम के जरिए पूजा पंडालों को विशेष रूप देने की तैयारी है।

पूजा को लेकर बाजार में भी रौनक देखते ही बन रही है। गणेश प्रतिमा के लिए पूजन सामग्री, फूल, फल, प्रसाद और अन्य धार्मिक सामानों की खरीदारी बढ़ गई है। दुकानों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बनी हुई है।
हर पंडाल की अपनी पहचान, बप्पा के दर्शन को उमड़ेगा शहर
नोवामुंडी में गणेश पूजा सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामुदायिक उत्सव का रूप ले चुका है। अलग-अलग बस्तियों और पूजा स्थलों पर श्रद्धालु मिल-जुलकर आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं। पूजा के दौरान भजन-कीर्तन और गणपति बप्पा के जयकारों से शहर का वातावरण भक्तिमय होने की उम्मीद है।
गणपति के स्वागत के लिए नोवामुंडी तैयार है। पंडालों की सजावट अंतिम चरण में है, बाजार गुलजार हैं और संग्राम साई का मीना बाजार बच्चों को अपनी ओर खींचने के लिए तैयार। अब इंतजार सिर्फ उस पल का है, जब पंडालों में विराजेंगे गणपति बप्पा और गूंज उठेगा—“गणपति बप्पा मोरया।”
