
कांड्रा (विशेष संवाददाता)। औद्योगिक क्षेत्र कांड्रा स्थित जय शनि देव पावन धाम मंदिर (नीलकंठ बाबा) प्रांगण से कल 10 अगस्त को प्रातः 9:00 बजे एक भव्य एवं ऐतिहासिक कलश यात्रा निकाली जाएगी। सावन माह के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल है और तैयारियाँ अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं। कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए आयोजक समाजसेवी रोशन प्रसाद साव एवं समस्त महिला मंडली ने बताया कि यह भव्य कलश यात्रा सोमवार सुबह ठीक 9:00 बजे जय शनि देव पावन धाम मंदिर नीलकंठ बाबा प्रांगण से वैदिक मंत्रोचार के साथ प्रारंभ होगी। यहाँ से जल यात्रा रवाना होकर प्रसिद्ध मां पाउड़ी स्थान तक जाएगी, जहाँ पवित्र जल भरकर सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु महिलाएँ पुनः मंदिर प्रांगण लौटेंगी।
आयोजक रोशन प्रसाद साव ने बताया कि संपूर्ण क्षेत्र की सुख, शांति, समृद्धि और जन-कल्याण की मनोकामना को लेकर इस धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन समिति एवं महिला मंडली ने संयुक्त रूप से समस्त क्षेत्रवासियों, धर्मानुरागियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे कल सुबह 9 बजे अधिक से अधिक संख्या में जय शनि देव पावन धाम मंदिर प्रांगण पहुँचकर इस भव्य कलश यात्रा में शामिल हों और नीलकंठ बाबा का कृपा-प्रसाद प्राप्त करें।
