
नोवामुंडी संवाददाता, विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को नोवामुंडी प्रखंड के महुदी पंचायत अंतर्गत पचायसाई मैदान में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गयी हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विश्व आदिवासी दिवस आयोजन समिति के अध्यक्ष सह पूर्व विधायक मंगल सिंह बोबोंगा की अध्यक्षता में शनिवार की शाम चार बजे पचायसाई मैदान में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक में आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों, वॉलंटियर्स एवं सक्रिय सदस्यों के साथ कार्यक्रम की तैयारियों और अब तक किये गये कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गयी।

बैठक के दौरान मंगल सिंह बोबोंगा ने कार्यक्रम की तैयारियों की वस्तुस्थिति से आमने-सामने बातचीत कर जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न जिम्मेदारियां संभाल रहे पदाधिकारियों एवं वॉलंटियर्स से उनके कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए रविवार के कार्यक्रम को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की एकता, पहचान, अधिकार और संस्कृति को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसलिए सभी सदस्य अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभायें।
वॉलंटियर्स को दिये गये आवश्यक निर्देश
बैठक में कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था, रैली, मंच संचालन, अतिथियों के स्वागत, लोगों की सहभागिता सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गयी। मंगल सिंह बोबोंगा ने सभी वॉलंटियर्स एवं सक्रिय सदस्यों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा कार्यक्रम के दौरान अनुशासन एवं व्यवस्था बनाये रखने के लिए आवश्यक सुझाव दिये।
बैठक में सक्रिय सदस्यों मिथुन चाम्पिया, अल्बर्ट मुंडा, मतियस सुरेन, आदिवासी एसोसिएशन के अध्यक्ष घनश्याम हेंब्रम, मुंडा घासोवा बारजो समेत बड़ी संख्या में सक्रिय सदस्य एवं वॉलंटियर्स उपस्थित थे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उन्हें सौंपी गयी जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा से निभाने का भरोसा दिलाया।
आदिवासी एसोसिएशन भवन से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे लोग
आयोजन समिति ने बताया कि रविवार को डीवीसी स्थित आदिवासी एसोसिएशन भवन परिसर में लोग एकत्रित होंगे। यहां से सभी कार्यक्रम स्थल पचायसाई मैदान पहुंचेंगे, जहां विश्व आदिवासी दिवस का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। समिति की ओर से क्षेत्र के अधिक से अधिक आदिवासी एवं मूलवासी समाज के लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गयी है।
आयोजकों का कहना है कि कार्यक्रम का उद्देश्य आदिवासी समाज में एकजुटता, सामाजिक चेतना और अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता को मजबूत करना है। आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी वॉलंटियर्स और सक्रिय सदस्य अंतिम समय तक पूरी तत्परता से जुटे हुए हैं।
