
कांड्रा। कांड्रा की डोका कुली बस्ती में बीती रात एक अजीब सी समस्या सामने आई। देर रात अज्ञात लोग ग्रामीणों की सहूलियत के लिए लगे सोलर जलमीनार के नलों को खोलकर ले गए। दीवार पर लगे नीले और सफेद रंग के 7 प्लास्टिक नल सुबह अपनी जगह पर नहीं मिले।
मौसम और बिजली की आवाजाही का असर
जानकारी के मुताबिक, बीती शाम इलाके में हल्की बूंदाबांदी हो रही थी, जिससे ग्रामीण अपने घरों में ही थे। वहीं दोपहर से ही बिजली आ रही थी और जा रही थी। इस वजह से बस्ती में कई बार अंधेरा छा जा रहा था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात लोगों ने दीवार में लगे नलों को निकाल लिया।
सुबह नल गायब देख हैरान रह गईं महिलाएं
बस्ती में लगे सोलर जलमीनार का पानी दीवार में लगी पाइपलाइन के जरिए एक बाउंड्री से घिरे स्थान तक जाता है, जहाँ महिलाएँ और बच्चे स्नान करते हैं। सुबह जब महिलाएँ वहाँ पहुँचीं, तो देखा कि सातों नल गायब हैं और पानी लगातार बह रहा है। नल न होने के कारण काफी पानी बर्बाद हुआ, जिससे स्थानीय लोगों को पानी के इस्तेमाल में परेशानी का सामना करना पड़ा।
नलों को जल्द ठीक कराने की माँग
सार्वजनिक सुविधा के इस सामान के गायब होने से ग्रामीणों को काफी असुविधा हो रही है। बस्ती के लोगों ने संबंधित विभाग और जिम्मेवार लोगों से गुहार लगाई है कि बहते पानी को तुरंत रोका जाए और वहाँ जल्द से जल्द नए नल लगवाए जाएँ।
