
प्रतिनिधि, नोवामुंडी संचार भारत न्यूज़आगामी मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल, निष्पक्ष और त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराने को लेकर नोवामुंडी प्रखंड प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को नोवामुंडी प्रखंड कार्यालय सभागार में बीएलओ एवं सुपरवाइजरों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।प्रशिक्षण में 54-जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी अरुण उरांव ने सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी पप्पू रजक की उपस्थिति में सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने दावा-आपत्ति प्रक्रिया, नोटिस जारी करने के नियम, आवेदनों के निष्पादन और मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन रखने की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला। एसडीओ अरुण उरांव ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि, लापरवाही या अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रत्येक आवेदन का निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को घर-घर जाकर मतदाताओं के सत्यापन, दस्तावेजों की जांच, नोटिस निर्गत करने की प्रक्रिया और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य लोकतंत्र की मजबूती से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है, इसलिए सभी कर्मी पूरी जिम्मेदारी, ईमानदारी और गंभीरता के साथ अपने कार्यों को पूरा करें।मौके पर प्रखंड कल्याण पदाधिकारी दीपक कुमार, अंचल निरीक्षक पंकज चांद, एलईओ संदीप बैठा, एलएस सीता कुमारी, शिक्षक राकेश कुमार श्रीवास्तव, अरविंद ठाकुर, प्रीति हेंब्रम, अमीना चतोम्बा, ऑपरेटर मनोज शर्मा सहित सभी नव-नियुक्त सुपरवाइजर एवं बीएलओ उपस्थित रहे।
