
.संवाददाता, नोवामुंडी
नोवामुंडी.बंगाली पाड़ा इलाके में चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है देर रात पुलिस इलाके में नियमित पेट्रोलिंग कर रही थी, वहीं दूसरी ओर चोरों ने एक घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दे दिया।
बंगाली पाड़ा स्थित गुप्ता निवास में किराए पर रह रहे मुर्शिदाबाद के राजमिस्त्रियों के घर में चोर खिड़की खोलकर अंदर घुस गए। खिड़की में लोहे का एंगल नहीं लगा होने के कारण चोरों को अंदर प्रवेश करने में आसानी हुई.
घटना के समय घर में सात लोग सो रहे थे.रात करीब 1 बजे जब मजदूरों की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि उनके मोबाइल फोन गायब हैं.चोरी की जानकारी मिलते ही सभी के होश उड़ गए। चोर चार मोबाइल फोन और मोबाइल में रखी गई नकदी लेकर फरार हो चुके थे.

पीड़ितों ने बताया कि सभी मोबाइल मुर्शिदाबाद के रहने वाले राजमिस्त्रियों के थे, जो यहां किराए पर रहकर काम करते हैं.घटना की सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से चोरों की पहचान करने का प्रयास शुरू कर दिया है.
बताया जा रहा है कि इसी कैंपस में करीब एक सप्ताह पहले भी चोरी की घटना हुई थी, जिसमें एक मोबाइल चोरी हुआ था.लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोग चिंतित हैं.
लोगों का कहना है कि चोरों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। इससे पहले भी इलाके के कई स्कूलों को चोर निशाना बना चुके हैं।.लोगों ने चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ाने की मांग की है.
