
संवाददाता, नोवामुंडी: नोवामुंडी प्रखंड के महुदी पंचायत सचिवालय में सोमवार को ‘मंईया सम्मान’ योजना के भौतिक सत्यापन के दौरान भारी कुप्रबंधन देखने को मिला। योजना का लाभ लेने के लिए सैकड़ों की संख्या में महिला लाभुक भारी बारिश के बीच भीगते हुए सचिवालय पहुंची थीं। लेकिन घंटों कतार में खड़े रहने के बाद भी अधिकांश महिलाओं को बिना सत्यापन के ही मायूस होकर घर लौटना पड़ा।
सचिवालय पहुंचे लाभुकों ने बताया कि वे सुबह से ही भूखे-प्यासे कतार में लग गए थे। घंटों इंतजार के बाद अधिकारियों व कर्मियों ने केवल कुछ ही लोगों का भौतिक सत्यापन किया और शेष लाभुकों को यह कहकर वापस भेज दिया कि जब आपके मोबाइल पर फोन आएगा, तभी सत्यापन के लिए महुदी पंचायत सचिवालय आएं।
इस अव्यवस्था के कारण दूर-दराज के गांवों से पैदल और ऑटो से पहुंची वृद्ध व जरूरतमंद महिलाओं को दिनभर भारी परेशानी झेलनी पड़ी। बारिश के मौसम में दिनभर परेशान होने के बाद भी काम न होने पर महिलाओं में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखा गया। पीड़ित लाभुकों ने जिला व स्थानीय प्रशासन से इस पूरी सत्यापन प्रक्रिया को व्यवस्थित करने और पंचायत स्तर पर कैंप लगाने से पहले ग्रामीणों को पूर्व सूचना (एडवांस नोटिस) देने की मांग की है, ताकि किसी भी ग्रामीण का समय और पैसा बर्बाद न हो।
