
संवाददाता, नोवामुंडी: नोवामुंडी के संग्राम साई मुख्य मार्ग स्थित सुरेश ठक्कर की दुकान से सेंट मेरी स्कूल जाने वाले मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति ने स्कूली बच्चों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सड़क पर जगह-जगह हुए छोटे-छोटे गड्ढों में बारिश का पानी जमा होने से पूरे मार्ग पर जलजमाव और कीचड़ की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है। सबसे अधिक परेशानी सेंट मेरी स्कूल के मुख्य द्वार के सामने देखने को मिल रही है, जहां लगातार जलजमाव के कारण पूरी सड़क कीचड़ के तालाब में तब्दील हो गई है।

रोजाना सुबह स्कूल पहुंचने वाले छोटे-छोटे बच्चों को इस गंदे पानी और कीचड़ के बीच से ही होकर गुजरना पड़ रहा है। इस दौरान कई बच्चों के जूते और यूनिफॉर्म गंदे हो जाते हैं, वहीं सड़क पर अत्यधिक फिसलन होने के कारण बच्चे गिरते-गिरते बच रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि बरसात के मौसम में यह समस्या और भी विकराल हो जाती है, जिससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर हमेशा डर बना रहता है। हैरानी की बात यह है कि यह प्रतिष्ठित विद्यालय टाटा स्टील परिसर में स्थित है, लेकिन इसके बावजूद स्कूल तक पहुंचने वाले इस मुख्य मार्ग की स्थिति बेहद दयनीय बनी हुई है। इतने महत्वपूर्ण शैक्षणिक संस्थान के सामने सड़क की ऐसी हालत होने पर स्थानीय लोगों ने गहरा रोष व्यक्त किया है।
क्षेत्र के नागरिकों और अभिभावकों ने टाटा स्टील प्रबंधन से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने, गड्ढों को भरने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है ताकि नन्हे विद्यार्थियों को रोजाना की इस मुसीबत से छुटकारा मिल सके। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में बच्चों की परेशानी और बढ़ सकती है। अब देखना यह है कि टाटा स्टील प्रबंधन बच्चों की इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेता है।
