
नोवामुंडी (संवाददाता): ग्राम पंचायत बडानंदा में ग्रामीणों के अनुरोध पर जिला परिषद अध्यक्ष सुश्री लक्ष्मी सुरेन ने शनिवार को विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माणाधीन कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव के महत्वपूर्ण जलस्रोत ‘बड़ा नंदा सरकारी तालाब-2’ के निर्माण तथा ‘बड़ा नंदा सरकारी तालाब-1’ के मरम्मत एवं पुनर्निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई।
निरीक्षण के दौरान जिप अध्यक्ष को बताया गया कि लगभग 10 एकड़ क्षेत्र में फैला यह सरकारी तालाब ग्रामीणों के लिए जीवनरेखा के समान है। यह तालाब कृषि कार्य, पशुपालन, मत्स्य पालन तथा दैनिक उपयोग के लिए जल उपलब्ध कराने का मुख्य स्रोत है। ग्रामीणों ने कहा कि तालाब के जीर्णोद्धार से क्षेत्र के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
इसके साथ ही सुश्री लक्ष्मी सुरेन ने ग्रामीण कार्य विभाग (आरईओ) द्वारा निर्माणाधीन बड़ा नंदा सरकारी स्कूल से बलियाडीह तक पहुंच पथ का भी जायजा लिया। उन्होंने सड़क निर्माण की गुणवत्ता, गार्डवाल एवं पुलिया निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों व संवेदकों को कार्य में गुणवत्ता बनाए रखते हुए इसे समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
दौरे के क्रम में गांव में बन रहे मुंडा भवन तथा जाहिरस्थल का भी निरीक्षण किया गया। ग्रामीणों ने इन योजनाओं को सामाजिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए इन्हें शीघ्र पूर्ण कराने का आग्रह किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने क्षेत्र की अन्य बुनियादी व विकासात्मक आवश्यकताओं से भी जिप अध्यक्ष को अवगत कराया।
i
