
नोवामुंडी (प्रतिनिधि): नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत बेतेरकिया (गौड़ साईं) गांव इन दिनों पूरी तरह भक्तिमय माहौल में सराबोर है। गांव में आयोजित तीन दिवसीय श्री श्री सत्यनारायण पाला पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। 6 मई से आरंभ हुआ यह धार्मिक अनुष्ठान 8 मई को भव्य समापन के साथ संपन्न होगा।
पूजा स्थल पर देर रात तक भजन, कीर्तन और पाला गायन से पूरा वातावरण गूंज रहा है। पूरे गांव को आकर्षक रोशनी और भव्य साज-सज्जा से सजाया गया है, जिसे देखने और भगवान सत्यनारायण की पूजा-अर्चना के लिए दूर-दूर से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। भक्त परिवार की सुख, शांति और समृद्धि की कामना के साथ इस अनुष्ठान में शामिल हो रहे हैं।
गौड़ सेवा संघ के प्रखंड अध्यक्ष सह पूजा समिति अध्यक्ष पप्पू गौड़ ने बताया कि कार्यक्रम की रौनक बढ़ाने के लिए ओडिशा की प्रसिद्ध पाला गायिका मादुषमिता दास एवं संजीवनी गिरी को आमंत्रित किया गया है, जो अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रही हैं। यह कार्यक्रम प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित हो रहा है—पहली पाली रात 9 बजे से 1 बजे तक और दूसरी पाली रात 1 बजे से तड़के 5 बजे तक चल रही है। पूरी रात श्रद्धालु भक्ति संगीत का आनंद ले रहे हैं। इस भव्य आयोजन का समापन 8 मई को विशेष पूजा और महाप्रसाद वितरण के साथ किया जाएगा।
