
नोवामुंडी (प्रतिनिधि): पश्चिमी सिंहभूम जिले में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रशासन ने एक बड़ी पहल की है। चाईबासा उपायुक्त के निर्देशानुसार ‘प्रोजेक्ट जागृति – बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम’ के तहत आगामी 8 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बड़ा जामदा (नोवामुंडी रूतागुट्टू) में एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
सदर अस्पताल चाईबासा स्थित ब्लड बैंक में प्रतिदिन बढ़ती रक्त की मांग को पूरा करना और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना इस शिविर का प्राथमिक लक्ष्य है। अक्सर आपातकालीन स्थिति में रक्त की कमी जानलेवा साबित होती है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने “रक्तदान महादान है” के संदेश के साथ लोगों को जोड़ने का प्रयास किया है।
इस आयोजन के दौरान न केवल रक्तदान होगा, बल्कि दाताओं के लिए स्वास्थ्य जांच और रक्तदान संबंधी परामर्श की भी व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग एवं आयोजन समिति ने स्थानीय युवाओं, सामाजिक संगठनों, शिक्षकों, सरकारी कर्मचारियों तथा आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस मानवता के कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। प्रशासन का मानना है कि इस सामूहिक भागीदारी से जिले में रक्त संकट की समस्या को दूर किया जा सकेगा और यह पहल समाज में सेवा भावना का एक नया उदाहरण पेश करेगी।
